# कुछ सूखे फूल अब भी #

यह कविता बीते समय की यादों, अधूरे वादों और पुरानी सोच से जुड़े भावनात्मक रिश्तों की कहानी है। यह हमें सिखाती है कि अपनी जड़ों और संस्कारों को सँजोते हुए भी बदलाव को अपनाना ज़रूरी है। अंततः हमारी असली पहचान पुरानी यादों में नहीं, बल्कि हमारे भीतर बची सच्चाई और इंसानियत में बसती है।

कुछ सूखे फूल अब भी

कुछ सूखे फूल अब भी
मेरे कमरे में रहते हैं,
ख़ुशबू भले खो गई उनकी,
कुछ अपनेपन की बातें कहते हैं।

चाहता हूँ उन्हें फेंक दूँ,
मगर कुछ ख़्वाब उनसे जुड़े हैं,
कुछ चेहरे, कुछ भूले-बिसरे पल,
जो दिल की तहों में पड़े हैं।

पुरानी डायरी में कुछ शब्द हैं,
कुछ वादे अधूरे, कुछ ख़त अनकहे,
मिटा दूँ तो मिट जाएँगे शायद,
वे एहसास, जो कभी लफ़्ज़ न बने।

अपनी पुरानी सोच का क्या करूँ,
कभी बदलता हूँ, कभी ठहर जाता हूँ,
नए रास्तों की तलाश में भी
अपनी जड़ों तक लौट आता हूँ।

आख़िर जड़ों से कटकर
कोई वृक्ष कहाँ जी पाता है?
बीता हुआ कल ही अक्सर
आज का अर्थ समझाता है।

मगर बदलना भी ज़रूरी है,
हर पुरानी बात सही नहीं,
जड़ों को सींचना चाहता हूँ,
पर ख़ुद को बाँधना नहीं।

वक़्त चाहे सब बदल दे,
यादें, रिश्ते, रूप और रंग,
मेरे भीतर इतना सच रहे
कि झूठ के आगे न झुके मेरा मन।

फूल सूख जाएँ तो क्या,
शब्द पुराने पड़ जाएँ तो क्या,
कुछ यादें धुँधली हो जाएँ तो क्या—
अगर दिल में सच्चाई बची रहे,
तो जीवन में कमी ही क्या?

न फूल मेरी पहचान हैं,
न शब्द मेरी कहानी,
मेरे भीतर जो इंसान बचा है,
बस वही मेरी असली निशानी।

— विजय वर्मा
www.retiredkalam.com



Categories: kavita

Tags: , , , ,

Leave a Reply