
यह कविता एक ब्लॉगर के लेखन के प्रति समर्पण, विचारों की स्वतंत्रता और पाठकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव को अभिव्यक्त करती है। इसमें जीवन के अनुभवों को शब्दों में पिरोकर दूसरों तक पहुँचाने, खुशियाँ बाँटने और कठिनाइयों से सीखने का संदेश है।
एक ब्लॉगर के लिए लेखन केवल शौक नहीं, बल्कि अपने विचारों, भावनाओं और जीवन-दर्शन को दुनिया से साझा करने का एक सार्थक माध्यम है।
क्योंकि एक ब्लॉगर हूँ मैं
मेरा समय इसे समर्पित है,
मेरी भावनाएँ इसमें अर्पित हैं।
मेरी कलम ही मेरे हथियार हैं,
मन में विचारों के अंबार हैं।
विचारों के सागर में गोते लगाता हूँ मैं,
फिर उन्हें शब्दों में ढालकर आप तक पहुँचाता हूँ मैं।
क्योंकि एक ब्लॉगर हूँ मैं |
मेरा मन अब मेरा कर्मक्षेत्र है,
लेखन ही मेरे जीवन का उद्देश्य है।
हर लक्ष्य को पाने की मन में आस है,
दिल में हौसला और आँखों में विश्वास है।
हर अनुभव से कुछ नया सीखता हूँ मैं,
अपने शब्दों से नई राह लिखता हूँ मैं।
क्योंकि एक ब्लॉगर हूँ मैं |
मेरा लेखन ही मेरा सच्चा साथी है,
जो सही-गलत की पहचान कराता है।
खुशियाँ बाँटना मेरी जीत है,
दुःख में भी मुस्कुराना मेरी प्रीत है।
हर मुश्किल से कुछ सीख जाता हूँ मैं,
अपने अनुभवों को शब्दों में सजाता हूँ मैं।
क्योंकि एक ब्लॉगर हूँ मैं |
आप मुझे जीने की कला सिखाते हैं,
आपके विचार मेरे हौसले बढ़ाते हैं।
जीवन से जो अनुभव पाता हूँ मैं,
उन्हें लिखकर आप तक पहुँचाता हूँ मैं।
मेरे शब्दों में मेरे जीवन का सार है,
आपसे जुड़े रहना मेरे लिए बड़ा उपहार है।
जब तक विचारों में जान बाकी है,
जब तक दिल में अरमान बाकी है,
कलम से अपना रिश्ता निभाऊँगा मैं,
हर धड़कन को शब्दों में सजाऊँगा मैं।
क्योंकि एक ब्लॉगर हूँ मैं |
(विजय वर्मा)
www.retiredkalam.com

Categories: kavita
Leave a Reply