# एक कवि बन जाऊँ #

“एक कवि बन जाऊँ” जीवन के अनुभवों, टूटे सपनों और बदलते रिश्तों के बीच उम्मीद, प्रेम और इंसानियत को बचाए रखने की एक भावपूर्ण अभिव्यक्ति है।

यह कविता उस कलम की कहानी है जो केवल शब्द लिखना नहीं चाहती, बल्कि किसी उदास चेहरे की मुस्कान, किसी अकेले मन का सहारा और किसी बुझती उम्मीद की रोशनी बनना चाहती है।

एक कवि बन जाऊँ

नई सुबह है,
हाथ में फिर वही कलम है,
सामने एक कोरा पन्ना—
और दिल में अनगिनत तरंगे है।

उम्र ने बहुत कुछ सिखाया है,
कुछ अपने छूटे, कुछ सपने टूटे,
कुछ रिश्ते समय की आँधी में बदले,
फिर भी मन का विश्वास ने
उम्मीद का दीप जलाए रखा है।

कुछ लिखूँ तो ऐसा लिखूँ
कि शब्द केवल शब्द न रहें,
किसी की आँखों की चमक बनें,
किसी उदास चेहरे की मुस्कान बनें,
और किसी अकेले मन का सहारा बनें।

मेरी कलम
सच की आवाज़ बन जाए,
नफरत के बीच
प्यार का रास्ता दिखाए।
जो गिर गया है, उसे हौसला दे,
जो थक गया है, उसे समझाए —
“अभी सफर बाकी है।”

मैंने जीवन को करीब से देखा है,
इसलिए अब जीत से ज्यादा
सुकून लिखना चाहता हूँ,
शोर से ज्यादा
खामोशी सुनना चाहता हूँ,
और अपने लिए कम,
अफ्नो के लिए ज्यादा लिखना चाहता हूँ।

न कोई नाम चाहिए,
न कोई सम्मान—
बस मेरी कोई एक पंक्ति
किसी टूटे दिल को छू जाए,
किसी बुझती उम्मीद को
फिर से जगा जाए।

नई सुबह की
बस इतनी-सी प्रार्थना है—

मेरी कलम में स्याही रहे न रहे,
दिल में संवेदना बनी रहे।
मेरे शब्द खत्म हो जाएँ,
पर उनका प्यार बाकी रहे।

और जब एक दिन
मेरी कलम हमेशा के लिए रुक जाए,
तो मेरी कविताएँ मत ढूँढ़ना—

मेरे शब्दों में मिली
थोड़ी-सी इंसानियत ढूँढ़ लेना।

शायद वही मेरी
सबसे सुंदर कविता होगी…

और शायद,
तभी मैं सचमुच
एक कवि बन जाऊँ।

(विजय वर्मा)
www.retiredkalam.com



Categories: kavita

Tags: , , , ,

2 replies

  1. Bahut achhi kavita hai 👏👏✍️

    Like

  2. अत्यंत भावपूर्ण और अर्थपूर्ण अभिव्यक्ति

    वर्मा जी आपकी कविता में कलम केवल सृजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से परिपक्व हुई संवेदना, करुणा और मानवीय मूल्यों की वाहक बनकर उभरी है। विशेष रूप से यह भाव कि कविताओं में अपने शब्दों के बजाय उनमें बची हुई इंसानियत को खोजा जाए, रचना को एक गहरी दार्शनिक ऊँचाई प्रदान करता है। वास्तव में, कवि होना केवल सुंदर शब्द रचना नहीं, बल्कि अपने शब्दों के माध्यम से किसी के जीवन में उम्मीद, प्रेम और संवेदना का संचार करना है। यही इस कविता की आत्मा है। साधुवाद 🌹

    Like

Leave a Reply