
आज की तेज़ रफ़्तार ज़िन्दगी में हम सफलता, धन और बेहतर भविष्य की तलाश में इतने व्यस्त हो गए हैं कि अपनों के साथ बिताए जाने वाले अनमोल पल और वर्तमान की खुशियाँ कहीं पीछे छूटती जा रही हैं। यह कविता हमें याद दिलाती है कि ज़िन्दगी केवल मंज़िल पाने की दौड़ नहीं, बल्कि रिश्तों को सँजोने, प्रकृति का आनंद लेने, छोटी-छोटी खुशियों में मुस्कुराने और हर पल को जीने का नाम है।
आख़िरकार, कल अनिश्चित है, लेकिन आज हमारे पास एक अनमोल उपहार है। इसे यूँ ही मत गँवाइए… ज़रा ठहरिए और ज़िन्दगी को महसूस कीजिए!
ज़िन्दगी… ज़रा ठहर कर तो देख!
हज़ारों उलझनें राहों में,
कोशिशें बेहिसाब,
कभी मंज़िल की तलाश में,
कभी ख़्वाबों के पीछे जनाब!
चलते रहे हम उम्र भर,
कुछ पाने की चाह में,
कभी कल की फ़िक्र में डूबे,
कभी उलझे अपनी राह में।
वो भी क्या दिन थे दोस्तों,
जब शामें घर में ढलती थीं,
दफ़्तर से लौटकर आते तो,
अपनों की महफ़िल सजती थी।
न मोबाइल की घंटियाँ थीं,
न ईमेल का कोई दबाव,
चाय की प्याली के साथ मिलता,
रिश्तों का स्नेहिल ठहराव।
आज तकनीक ने दुनिया बदली,
हर काम हुआ आसान,
मगर जाने क्यों खोता जाता,
रिश्तों का मीठा एहसास।
बेटा कहता है, “वक़्त नहीं है,
अभी काम में हूँ व्यस्त,
रात में बात करूँगा पापा,
ज़िम्मेदारियाँ हैं बहुत।”
दिल कहता है, कोई बात नहीं,
वह अपनी दुनिया सँवार रहा है,
मगर मन के किसी कोने में,
एक पिता उसे पुकार रहा है।
कब समझेंगे हम इस सच को,
कि वक़्त लौटकर आता नहीं,
जो आज अपनों को दे सकते हैं,
वह कल शायद दे पाओगे नहीं।
मृगतृष्णा के पीछे भागकर,
कब तक प्यास बुझाओगे?
एक मंज़िल हासिल होगी तो,
दूजी मंज़िल बनाओगे।
धन, पद और प्रतिष्ठा के पीछे,
कितनी दूर निकल जाओगे?
जब साँझ ढलेगी जीवन की,
तो किसे गले लगाओगे?
कभी छोड़ो ये भागमभाग,
कुछ पल अपने नाम करो,
मोबाइल को ख़ामोश रखकर,
प्रकृति से दो बातें करो।
कभी बारिश में भीग लेना,
मिट्टी की खुशबू पी लेना,
कभी लहरों के संग समंदर में,
बच्चों की तरह हँस लेना।
कभी पेड़ों की छाँव में बैठो,
पंछियों का संगीत सुनो,
आँखें बंद कर कुछ पल के लिए,
मन का सुकून महसूस करो।
ज़िन्दगी कोई दौड़ नहीं है,
न हर पल इम्तिहान है,
यह ईश्वर का अनमोल उपहार,
हर धड़कन एक वरदान है।
जो बीत गया, वह कहानी है,
आने वाला कल अनजान है,
जो पल अभी तुम्हारे पास है,
बस वही असली जहान है।
इसलिए ऐ मुसाफ़िर, ज़रा ठहर,
अपने दिल की आवाज़ सुन,
कल की ख़ातिर आज न खोना,
जी ले इस पल को चुन।
उम्र चाहे जितनी भी हो,
दिल में बचपन ज़िंदा रखना,
दुनिया को जीतने से पहले,
खुद से मिलना ज़िंदा रखना।
हज़ारों उलझनें राहों में,
कोशिशें बेहिसाब रहेंगी,
मगर याद रखना ऐ दोस्त,
ज़िन्दगी दोबारा नहीं मिलेगी!
चलते रहिए, मुस्कुराते रहिए,
मगर कभी-कभी ठहरिए जनाब…
क्योंकि मंज़िल से भी खूबसूरत,
ज़िन्दगी का सफ़र है जनाब…!
—विजय वर्मा
www.retiredkalam.com

Categories: Uncategorized
Leave a Reply